दुदही में अघोषित बिजली कटौती से हाहाकार, जेई की तैनाती न होने से व्यवस्था पर उठे सवाल
दुदही। कुशीनगर जिले के दुदही नगर पंचायत क्षेत्र में लगातार हो रही अघोषित बिजली कटौती को लेकर उपभोक्ताओं में नाराजगी बढ़ती जा रही है। स्थानीय लोगों का आरोप है कि बीते कुछ दिनों से बिजली विभाग ने कटौती की सारी हदें पार कर दी हैं। दिन में हर एक से दो घंटे के अंतराल पर रोस्टिंग हो रही है, जबकि रात में कई-कई घंटे तक बिजली गुल रहने से लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
उमस और गर्मी के बीच लगातार बिजली कटौती का सबसे अधिक असर बच्चों और बुजुर्गों पर पड़ रहा है। वहीं, विद्यार्थियों की पढ़ाई प्रभावित होने के साथ दुकानदारों और छोटे कारोबारियों को भी परेशानी उठानी पड़ रही है। लोगों का कहना है कि बिजली आने और जाने का कोई निश्चित समय नहीं रह गया है।
जेई की तैनाती को लेकर भी उठे सवाल
स्थानीय उपभोक्ताओं का कहना है कि दुदही विद्युत उपकेंद्र पर पूर्व में तैनात रहे जेई सर्वेश दुबे के कार्यकाल में विद्युत व्यवस्था अपेक्षाकृत सुचारू रूप से चल रही थी। लोगों के मुताबिक, जब से जेई सर्वेश दुबे का यहां से स्थानांतरण हुआ है, तब से बिजली व्यवस्था लगातार प्रभावित हुई है।
स्थानीय लोगों का आरोप है कि स्थानांतरण के बाद दुदही विद्युत उपकेंद्र पर स्थायी रूप से दूसरे जेई की तैनाती नहीं की गई है। वर्तमान में सेवरही के जेई को दुदही की भी जिम्मेदारी सौंपी गई है। लोगों का कहना है कि एक अधिकारी पर अतिरिक्त जिम्मेदारी होने के कारण क्षेत्र की विद्युत व्यवस्था की नियमित निगरानी और शिकायतों के समाधान में दिक्कत हो रही है।
उपभोक्ताओं का कहना है कि विभागीय स्तर पर पर्याप्त अधिकारियों की तैनाती नहीं होने का खामियाजा आम लोगों को भुगतना पड़ रहा है। बार-बार बिजली कटौती के बावजूद समस्या का स्थायी समाधान नहीं होने से लोगों में आक्रोश बढ़ता जा रहा है।
समस्या दूर नहीं हुई तो प्रदर्शन की चेतावनी
स्थानीय लोगों ने बिजली विभाग के अधिकारियों से दुदही विद्युत उपकेंद्र पर स्थायी जेई की तैनाती करने, अघोषित रोस्टिंग पर रोक लगाने और विद्युत आपूर्ति व्यवस्था को दुरुस्त कराने की मांग की है।
लोगों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही अघोषित बिजली कटौती और विभागीय अव्यवस्था की समस्या का समाधान नहीं हुआ तो उपभोक्ता बिजली विभाग के खिलाफ प्रदर्शन करने को मजबूर होंगे।
अब देखना यह है कि लगातार बढ़ रही शिकायतों के बाद बिजली विभाग दुदही क्षेत्र की विद्युत व्यवस्था में सुधार के लिए क्या कदम उठाता है।
